Padma Shree Manjamma Jogati

पद्मश्री मंजम्मा जोगती”
इतिहास के पन्नों में न खो जाएँ – गुँजन खण्डेलवाल
गुँजन खण्डेलवाल जी की आज की प्रस्तुति – मंजूनाथ यानी पद्मश्री मंजम्मा जोगती की मंजूनाथ से पद्मश्री मंजम्मा जोगती बनने तक की यात्रा की कहानी…
हम और आप विस्मयपूर्वक उस क्षण को निहार रहे थे जब मंजम्मा जोगती जी ने गरीमापूर्वक नृत्य मुद्रा में राष्ट्रपति कोविद जी का अभिवादन किया | बाद में उन्होंने बताया कि मैंने उनकी बुरी नजर उतारने का भी उपक्रम किया |
जी हां इन ट्रांसजेंडर्स को प्रायः शादी ब्याह या बच्चों के जन्म होने पर कुछ पैसे की मांग करते हुए पहचानते आए हैं | मंजूनाथ से मंजम्मा जोगती बनने की यात्रा बहुत बहुत कष्टप्रद थी | ट्रांसजेंडर्स सबसे पहले घर, फिर समाज में हमेशा से नकारे गए हैं |
मंजम्मा बताती हैं कि स्कूल के प्रारंभिक दिनों से, अपने हाव भाव से उपहास का पात्र बनती रहीं | यहां तक कि उन्होंने आत्महत्या तक का प्रयास किया | पर शायद उन्हें बहुत ऊपर उठना था | ऐसे ही एक बार, एक पिता पुत्र की जोड़ी ने उनका ध्यान आकर्षित किया, जिसमें पिता गायन करते व पुत्र नृत्य कर रहा था | ये था जोगप्पा समुदाय द्वारा किया जाने वाला देवी येलम्मा को प्रसन्न करने हेतु जोगती नृत्य |

मंजम्मा जी की नृत्य में रुचि बढ़ी तो उन्हें कालव्वा नाम के बड़े लोक कलाकार से मिलवाया गया | उनके सान्निध्य में वे मंझती गई | ज्योति नृत्य की आज सबसे बड़ी पहचान मंजम्मा ही है, पर वे कहती हैं सच पूछिए तो ये नृत्य मैंने इसलिए नही सीखा कि मेरा बहुत मन था वरन इसलिए कि अपनी भूख से लड़ सकूं |
कर्नाटक के कल्लूकंब गांव में इनका जन्म हुआ, पर इनके ट्रांसजेंडर होने का पता लगते ही इन्हें घर से निकल कर भीख तक मांगनी पड़ी जिसको भी कई बार छीन लिया जाता था | एक दिन छह लोगों द्वारा उनके साथ दुष्कर्म की भी घटना हुई | पर उस पौराणिक पक्षी फीनिक्स की तरह, जो पूरा जल जाने के बाद अपनी ही राख से पुनर्जीवित हो उठता है, मंजम्मा ने कभी हार नहीं मानी |

पिछले 35 वर्षों में वे एक हजार से अधिक नृत्य प्रस्तुतियां दी चुकी हैं | 2019 में वो कर्नाटक जनपद अकादमी की पहली ट्रांस वुमन प्रेसिडेंट बनी | अभावों, तिरस्कार और सोशल स्टिग्मा के दायरे से बाहर आना और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित होना निःसंदेह गौरवपूर्ण है | आज उनकी बायोग्राफी ‘नाडुवे सुलिवा हेन्नु’ हावेरी जिले के स्कूलों व कर्नाटक विश्वविद्यालय के सिलेबस का अंग है | थिएटर कलाकार, नृत्यांगना, गायन व सोशल एक्टिविस्ट के रूप में अनेक पुरस्कारों से सम्मानित मंजम्मा चाहती हैं ट्रांसजेंडर लोगों के प्रति समाज की सोच व रवैये में बदलाव और साथ ही उनके जैसे लोगों के लिए नौकरी व काम करने की सुविधाएं |
इकबाल के कहे शेर ‘ख़ुदी को कर बुलंद इतना कि हर तक़दीर से पहले, ख़ुदा बंदे से ख़ुद पूछे बता तेरी रज़ा क्या है’, का ख़याल हो आया! जय हिन्द!
गुँजन खण्डेलवाल…